धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा विद्यार्थियों के संघर्ष और लोकतंत्र की जीत
धौलपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। नीट पेपर लीक मामले में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े के बाद जिला कांग्रेस कमेटी धौलपुर के तत्वावधान में शनिवार देर विजय मार्च आयोजित किया गया। विजय मार्च के माध्यम से कांग्रेसजनों ने नीट मामले में सरकार पर दबाब बनाने के लिए इस मार्च को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को समर्पित किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं बसेडी विधायक संजय कुमार जाटव की अगुवाई में शनिवार देर शाम जगन चौराहे से विजय मार्च शुरू हुआ। शहर के मुख्य मार्गों सराय गजरा रोड, पुराना डाकखाना चोराहा,लाल बाजार एवं पुरानी सब्जी मंडी होता हुआ विजय मार्च का समापन शहर के गांधी पार्क में हुआ। कांग्रेसजनों ने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे को लोकतंत्र की जीत बताया।
इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं बसेडी विधायक संजय कुमार जाटव ने कहा कि यह विजय मार्च का आयोजन देश के छात्रों और युवाओं तथा राहुल गांधी के दृढ़ नेतृत्व को समर्पित है। जिनके लगातार संघर्ष ने भारत सरकार को कार्रवाई करने के लिए मजबूर किया। यह लाखों विद्यार्थियों के संघर्ष और लोकतंत्र की जीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से लेकर आज तक पीड़ित युवाओं के साथ चट्टान की तरह खड़ी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने आज अपनी नेता विपक्ष की जिम्मेदारी का लोहा मनवा दिया और सरकार को झुकना पड़ा देश के शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा। जंतर मंतर पर करीब एक महीने तक चले छात्रों के प्रदर्शन ने यह बता दिया है कि लोकतंत्र में सत्य की जीत होती है। धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाहा ने कहा कि केन्द्र सरकार का संरक्षण पेपर माफियाओं को मिला हुआ है। यह एक प्रशासनिक विफलता नहीं है यह पूरा तंत्र ही फेल है। भविष्य में नीट परीक्षा में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके। विजय मार्च में कांग्रेस के जिला संगठन महासचिव साकेत बिहारी शर्मा, जिला महामंत्री अविनाश शास्त्री, प्रदेश सचिव धर्मेन्द्र शर्मा एवं अमित मुदगल,पूर्व प्रधान देवेन्द्र प्रताप सिंह जादौन, बाडी ब्लाक अध्यक्ष रामेन्द्र मीणा,मनियां ब्लाक अध्यक्ष राजेंद्र पोसवाल एवं युवक कांग्रेस नेता श्यामू पंडित सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन मौजूद रहे। संचालन कांग्रेस प्रवक्ता धनेश जैन ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप