युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : वोहरा
धौलपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को धौलपुर में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा कलेक्ट्रेट के सामने विरोध प्रदर्शन किया गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस नेता रोहित वोहरा एवं जिला अध्यक्ष संजय कुमार जाटव सहित ने अपनी गिरफ्तारी भी दी। विरोध प्रदर्शन के दौरान राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष एवं राजाखेड़ा विधायक रोहित वोहरा ने कहा कि आज देश और प्रदेश की सरकारें युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। नीट जैसी परीक्षाओं में पेपर लीक होना और उसके खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों पर दिल्ली में पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया जाना सरकार की दमनकारी नीतियों को बेनकाब करता है। कांग्रेस युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस पार्टी युवाओं के इस संघर्ष में उनके साथ मजबूती से खड़ी है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बसेडी विधायक संजय कुमार जाटव ने कहा कि कई छात्रों की आवाज उठाना कोई अपराध नहीं बल्कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि का संवैधानिक दायित्व है। सरकार की तानाशाही लोकतंत्र मूल्यों पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है। उन्होंने प्रधानमंत्री से शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग की। धरना एवं प्रदर्शन का संचालन करते हुए प्रवक्ता धनेश जैन ने नीट पेपर लीक मामले में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन के संबंध में जानकारी दी। विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के जिला संगठन महासचिव साकेत बिहारी शर्मा, जिला महामंत्री अविनाश शास्त्री, प्रदेश सचिव धर्मेन्द्र शर्मा एवं अमित मुदगल,राजस्थान युवा काँग्रेस के प्रदेश सचिव पंकज तिवारी,पूर्व प्रधान देवेन्द्र प्रताप सिंह जादौन एवं धर्मेन्द्र दिनकर, सेवादल जिला अध्यक्ष समृद्धि दीक्षित, युवक कांग्रेस नेता श्यामू पंडित एवं जीतू कंषाना एवं एनएसयूआई जिला अध्यक्ष गौरव पोसवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप