सीएम भजनलाल शर्मा का धौलपुर दौरा 28 जुलाई को
धौलपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 28 जुलाई को एक दिवसीय दौरे पर धौलपुर आएंगे। मुख्यमंत्री शर्मा के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सोमवार देर शाम तक पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।
धौलपुर पंहुचे प्रदेश के गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने बताया कि 28 जुलाई को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का धौलपुर जिले का दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान मुख्यमंत्री राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के मनियां इलाके में स्थित फूलपुर मैदान में पूर्वान्ह 11 बजे बजे एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा कई विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी क्रम में जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने फूलपुर मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, मंच व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट और आमजन की सुविधाओं सहित विभिन्न पहलुओं पर जायजा लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. शिवचरण सिंह कुशवाहा, भाजपा नेत्री एवं राजाखेडा से भाजपा प्रत्याशी रहीं नीरजा शर्मा, बाड़ी के पूर्व विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा, बसेड़ी के पूर्व विधायक सुखराम कोली,करौली-धौलपुर संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी रहीं इंदुदेवी जाटव तथा पूर्व मंत्री जगमोहन बघेल सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप