साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरुकता आवश्यक
धौलपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। जिले के सैपउ उपखंड क्षेत्र में स्थानीय पुलिस थाने में बुधवार को सीएलजी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में साइबर अपराधों के प्रति जागरुकता तथा सावन मेले की तैयारियों पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए पुलिस उपाधीक्षक मनोहर लाल मीणा ने कहा कि आज के दौर में इंटरनेट के दुष्प्रभाव के रूप में साइबर अपराध बढे हैं। साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरुकता ही एकमात्र उपाय है। इसलिए जागरुक रहें तथा समाज के अन्य लोगों को भी जागरुक करें। थाना प्रभारी प्रमेंद्र कुमार रावत ने महिला सशक्तीकरण तथा अपराधों की रोकथाम को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को जागरूक रहने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा विभिन्न पुलिस हेल्पलाइन नंबरों का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। बैठक में कस्बे के ऐतिहासिक महादेव मंदिर पर सावन माह के दौरान लगने वाले मेले एवं श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने सीएलजी सदस्यों से सुझाव लेकर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में सहायक उप निरीक्षक अजय सिंह चौधरी, हरि सिंह परमार, पूर्व नायब तहसीलदार सत्य प्रकाश शर्मा, मुकेश दत्त शर्मा, कलुआ सिसौंदिया, बंटी शर्मा, रामकुमार शर्मा, सेटू कुशवाह, पूर्व सरपंच होली सिंह परमार, पूर्व पार्षद कमल सिंह कुशवाह, अकबर खान एवं सीएलएफ अध्यक्ष पार्वती कुशवाह सहित सीएलजी सदस्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप