हिंदी भाषा हमारी सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय एकता का सेतु : शर्मा
धौलपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय धौलपुर में मंगलवार को हिंदी माह का शुभारंभ उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। हिंदी माह के अंतर्गत 01 सितम्बर से 30 सितम्बर 2026 तक विभिन्न प्रतियोगिताओं, साहित्यिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विद्यालय के प्राचार्य मन्मथ कुमार शर्मा ने कहा कि हिंदी भाषा हमारी सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय एकता का सेतु है। हिंदी को सम्मान देने और उसके प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष सितम्बर माह में आयोजित होने वाला हिंदी माह हमें हिंदी के प्रति अपने उत्तरदायित्व का स्मरण कराता है। भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पहचान का आधार भी है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों से हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि हिंदी के प्रति सम्मान केवल प्रतियोगिताओं एवं आयोजनों तक सीमित न रहकर हमारे दैनिक व्यवहार एवं कार्यप्रणाली का हिस्सा बनना चाहिए।
कार्यक्रम संयोजक दीपक कुशवाह ने संचालन करते हुए हिंदी माह की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कि हिंदी माह के दौरान हिंदी काव्य-पाठ, वर्तनी लेखन, सुलेख लेखन, भाषण, अंत्याक्षरी एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में कक्षा ग्यारहवीं के छात्र अब्दुल मन्नान और नौंवीं की छात्रा ने हिंदी भाषा की महत्ता एवं विश्व पटल पर हिंदी की स्थिति पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। कक्षा सातवीं के छात्र शशांक शर्मा ने हिंदी भाषा पर सुंदर कविता प्रस्तुत की, वहीं कक्षा नौंवीं की छात्रा जाहन्वी ने मंत्रमुग्ध कर देने हिंदी भाषा के विभिन्न कवियों के दोहे प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में मुकेश वर्मा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया । इस अवसर पर संजय यादव, राकेश कुमार, वीरभान गुर्जर, महिपाल सिंह, राखी गुप्ता, शिवराज सिंह, बद्री प्रसाद प्रजापति, नीरज दिनकर,कुलवीर सिंह, अंजू चौधरी,धर्मेन्द्र जांगिड़, सोनम, दीपिका, ममता,अनीता महावर,रवींद्र कुमार,अनीता, जितेन्द्र सिंह एवं नवीन कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप