सीईसी टीम धौलपुर पहुंची, चंबल बजरी खनन निगरानी का निरीक्षण
धौलपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। केन्द्रीय अधिकार प्राप्त समिति के चेयरमैन चन्द्र प्रकाश गोयल एवं सदस्य अंजन मोहन्ती गुरुवार को धौलपुर पंहुचे। धौलपुर भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सीईसी टीम प्रतिबंधित चंबल बजरी के अवैध खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए धौलपुर प्रशासन द्वारा की जा रही निगरानी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
समिति ने सर्वप्रथम अभय कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का भ्रमण कर जिले में स्थापित सीसीटीवी कैमरा नेटवर्क, संवेदनशील मार्गों एवं चेक पोस्टों की रियल टाइम मॉनिटरिंग तथा अवैध बजरी खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए अपनाई जा रही तकनीकी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान अधिकारियों द्वारा समिति को निगरानी तंत्र, त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से संचालित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी, जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव, उप वन संरक्षक वी चेतन, आशीष व्यास सहित खनिज विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस एवं प्रशासन के इनअधिकारियों ने समिति को अवगत कराया कि प्रतिबंधित चंबल बजरी के अवैध खनन एवं परिवहन की रोकथाम हेतु जिले में 24 घंटे निगरानी, नियमित गश्त, विशेष नाकाबंदी, सीसीटीवी मॉनिटरिंग तथा पुलिस, प्रशासन, वन, परिवहन एवं खनिज विभाग के संयुक्त समन्वय से निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
अभय कमांड एवं कंट्रोल सेंटर के निरीक्षण उपरांत समिति द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतिबंधित चंबल बजरी के अवैध खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए अपनाई जा रही रणनीति, विभागीय समन्वय, निगरानी तंत्र, प्रवर्तन कार्रवाई तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। समिति ने अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। समिति ने आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय तथा अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध की जा रही सतत कार्रवाई की सराहना की। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया है कि जिले में प्रतिबंधित चम्बल बजरी के अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत कठोर एवं निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप