भाजपा कार्यशाला में रविदास जयंती कार्यक्रम पर चर्चा
धौलपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। जिला भाजपा कार्यालय पर सोमवार को संत शिरोमणि रविदास जयंती के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यशाला में राष्ट्रव्यापी अभियान 29 जुलाई 2026 गुरु पूर्णिमा से शुरू हुए तथा 20 फरवरी 2027 संत रविदास जयंती तक होने वाले कार्यकमों पर मंथन किया गया।
कार्यशाला में भाजपा जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देश भर में ''समरसता संकल्प अभियान'' चलाया जा रहा है। यह राष्ट्रव्यापी अभियान 29 जुलाई 2026 गुरु पूर्णिमा से शुरू होकर 20 फरवरी 2027 संत रविदास जयंती तक चलेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता, सेवा और भाईचारे के संदेश को बूथ स्तर तक और जन-जन तक पहुंचाना है। पूर्व विधायक सुखराम कोली ने कहा कि प्राचीन भारतीय संस्कृति में संत,महंत एवं महापुरुषों का गरिमामयी स्थान रहा है। संत शिरोमणि रविदास हमेशा सत्य की राह पर चलने का संदेश देते थे और वह एक सच्चे सनातनी थे। कार्यक्रम संयोजक कमल पहाड़िया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आगामी कार्यक्रमो की रूपरेखा बताई। अंत में भाजपा महिला मोर्चा की जिला संयोजिका कल्पना शर्मा ने सभी का धन्यवाद दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप