राजाखेडा में पार्वती नदी पर पुल के निर्माण से लोगों को मिलेगी राहत
धौलपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। धौलपुर जिले की राजाखेड़ा विधानसभा सीट से भाजपा की प्रत्याशी रही नीरजा शर्मा ने कहा है कि बीते ढाई साल में राजाखेड़ा क्षेत्र को विकास की कई सौगात मिली है। हाल ही में धौलपुर के दौरे पर आए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजाखेड़ा इलाके में पार्वती नदी की राडोली रपट पर पुल निर्माण करने की घोषणा की है, जिससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।
रविवार को मीडिया से वार्ता करते हुए भाजपा नेत्री नीरजा शर्मा ने बताया कि हाल ही में मनियां में जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र समेत पूरे धौलपुर जिले के लिए तकरीबन 177 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास के साथ साथ राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा की थी। इन कार्यों में 220 केवीए जीएसएस मनियां का निर्माण एवं संबंधित लाइन,जारह में 33 केवीए जीएसएस,नागर मिठावली में एनीकट तथा नगरपालिका राजाखेड़ा में एफएसटीपी शामिल है। शर्मा ने बताया कि मनिया क्षेत्र में फूलपुर खेल मैदान पर करीब ढाई करोड रुपए की लागत से स्टेडियम का निर्माण होगा। राजाखेड़ा क्षेत्र के लोकतीर्थ रहना वाली माता और लाठ वाली माता मंदिरों पर जीर्णोद्धार के लिए वित्तीय स्वीकृति जारी हो गई है तथा क्षेत्र के नागरिकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यहां विकास कार्य कराए जाएंगे। राजाखेड़ा में कृषि उपज मंडी के निर्माण के लिए 37 बीघा भूमि का आवंटन किया जा चुका है। मीडिया से वार्ता के दौरान भाजपा नेत्री नीरजा शर्मा ने देश एवं प्रदेश कि डबल इंजन भाजपा सरकारों की उपलब्धियां को भी गिनाया तथा राजाखेड़ा के स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर क्षेत्र की उपेक्षा किए जाने के आरोप भी लगाए। इस मौके पर पूर्व उप जिला प्रमुख केदार पोसवाल, भाजपा नेता राजा भैया, दिलीप पराशर, जेपी बंसल,रामभरोसी जाटव, समर्थ शर्मा एवं सुमित शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप