आगरा कैंट–धौलपुर रेलखंड में मानक कवच की सफल कमीशनिंग

 


धौलपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल में रेल यात्रियों की सुरक्षा को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। आगरा कैंट–धौलपुर सेक्शन में 52.46 किलोमीटर रेलखंड पर मानक कवच प्रणाली की सफल कमीशनिंग पूरी की गई है। इस रेलखंड पर कुल 720 आरएफआईडी लगाए गए हैं। रेलवे की इस कवायद से रेल यात्रियों को सुरक्षा कवच मिलेगा।

मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल द्वारा रेल संरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए आधुनिक एवं स्वदेशी सुरक्षा तकनीकों के प्रभावी कार्यान्वयन की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इस परियोजना के अंतर्गत आगरा कैंट से धौलपुर तक कुल 52.46 किलोमीटर रेलखंड में 720 आरएफबाईडी टैग लगाए गए हैं। यह टैग ट्रेन की स्थिति एवं परिचालन संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में मानक कवच प्रणाली के महत्वपूर्ण घटक के रूप में कार्य करते हैं। रेलवे के अधिकरियों ने बताया कि ‘मानक कवच’ एक स्वदेशी सुरक्षा प्रणाली है, जिसका उद्देश्य मानवीय त्रुटियों की स्थिति में ट्रेन परिचालन की सुरक्षा को बढाना है। यह प्रणाली लोको पायलट को आवश्यक सुरक्षा सहायता प्रदान करते हुए विभिन्न परिस्थितियों में ट्रेन की गति को नियंत्रित करने में सक्षम है। आगरा कैंट–धौलपुर सेक्शन में मानक कवच की कमीशनिंग से इस महत्वपूर्ण रेलखंड पर ट्रेन परिचालन की सुरक्षा एवं विश्वसनीयता में वृद्धि होगी। यह उपलब्धि उत्तर मध्य रेलवे द्वारा आधुनिक स्वदेशी सुरक्षा तकनीक को अपनाने तथा रेल यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप