धन्वंतरि उपवन में हुआ सामूहिक योगाभ्यास: पांच सौ से अधिक प्रतिभागियों ने किया योग
जयपुर, 17 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयुष मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए) जयपुर द्वारा बुधवार सुबह धन्वंतरि उपवन जग्गा की बावड़ी स्थित संस्थान परिसर में भव्य सामूहिक योग प्रोटोकॉल अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को योग के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य, निरोगी जीवन एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
बुधवार प्रातः 5.30 बजे आयोजित इस विशेष योग सत्र में संस्थान के चिकित्सकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों सहित 500 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया। हरियाली और प्राकृतिक वातावरण से आच्छादित धन्वंतरि उपवन योग साधना का केंद्र बन गया, जहां प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य, अनुशासन और सामूहिक चेतना का संदेश दिया।
राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के कुलपति प्रोफेसर संजीव शर्मा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा का अमूल्य उपहार है, जो व्यक्ति के जीवन को संतुलित, स्वस्थ और सकारात्मक बनाता है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक वातावरण में योगाभ्यास करने से मन, शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित होता है तथा व्यक्ति दीर्घकाल तक स्वस्थ और ऊर्जावान बना रहता है। नियमित योगाभ्यास मानसिक, शारीरिक एवं भावनात्मक मजबूती प्रदान करता है।
योग एवं स्वस्थवृत विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर दुर्गावती ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में संस्थान द्वारा विभिन्न जन जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जयपुर के जंतर-मंतर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश