सीमा से पुलिस लाइन तक डीजीपी का दौरा: जवानों से संवाद से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक परखी व्यवस्थाएं

 






जयपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। पश्चिमी राजस्थान के तीन दिवसीय दौरे पर पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने गुरुवार को तनोट माता मंदिर में दर्शन और आरती के बाद जैसलमेर पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। इसके बाद बालोतरा जिले के सिणधरी थाने पहुंचकर कानून-व्यवस्था और अपराध की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन से बेहतर समन्वय और संवाद रखते हुए नशे तथा साइबर अपराध की रोकथाम में जनसहयोग लेने के निर्देश दिए।

डीजीपी ने तनोट माता मंदिर में दर्शन और आरती कर प्रदेश की समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। जैसलमेर पुलिस लाइन पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए संचालित जिम, कैंटीन और नवनिर्मित महिला बैरक का निरीक्षण कर सुविधाओं की जानकारी ली तथा महिला पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीजीपी पुलिस लाइन में संचालित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय भी पहुंचे। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद कर पढ़ाई एवं शिक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। कक्षा-कक्षों में जाकर विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम और पढ़ाई से जुड़े विषयों पर बातचीत की तथा बच्चों को टॉफियां वितरित कीं।इसके बाद सिणधरी थाने में गार्ड ऑफ ऑनर के बाद थाने का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं अपराध की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने आमजन के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने, स्थानीय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और नशे व साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए लोगों से सूचनाओं का आदान-प्रदान मजबूत करने पर जोर दिया।

इससे पहले बुधवार रात डीजीपी बबलियान बॉर्डर आउट पोस्ट पहुंचे थे। उन्होंने बीएसएफ अधिकारियों एवं जवानों से सीमा संवाद कर विषम परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे सीमा प्रहरियों का हौसला बढ़ाया। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा राजस्थान पुलिस और बीएसएफ के बीच निरंतर प्रभावी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। इसके बाद वे तनोट पहुंचे, जहां रात्रि विश्राम किया। दौरे के दौरान आईजी सत्येंद्र सिंह, डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप और जैसलमेर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश