विधानसभा अध्यक्ष देवनानी एवं केन्द्रीय कृषि मंत्री चौधरी करेंगे अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग
अजमेर में मुख्य समारोह पुलिस लाइन मैदान में होगा
अजमेर, 19 जून(हि.स.)। अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिलेभर में योग से सम्बन्धित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइन मैदान में आयोजित होगा। इसके साथ-साथ जिला मुख्यालय पर वरुण सागर एवं बारादरी पर भी योग होंगे। मुख्य समारोह में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी एवं केन्द्रीय कृषि मंत्री भागीरथ चौधरी योग करेंगे। आयुर्वेद विभाग योग दिवस का नोडल विभाग बनाया गया है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेन्द्र कुमार मीणा ने बताया कि इस बार 12वें अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम योगा फॉर हेल्थी एजिंग है। इसी को केन्द्र में रखकर प्रोटोकॉल के अनुसार जिलेभर में प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक योग के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला मुख्यालय पर मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइन मैदान में होगा। इसका संयोजन भारत स्वाभिमान पतंजलि योग समिति के यतीन्द्र शास्त्री के दल द्वारा किया जाएगा। वरुण सागर पर होने वाले योग कार्यक्रम का संयोजन रामचन्द्र मिशन हार्टफुलनेस संस्थान की अमिन्दर कौर मैक का दल करेगा। इनके साथ जिला समन्वयक गिरीश गुप्ता तथा योग प्रशिक्षक नितेन्द्र उपाध्याय होंगे। इसी प्रकार बारादरी पर महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय के योग विभाग के डॉ. लारा शर्मा के दल द्वारा योगाभ्यास करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्य कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी एवं केन्द्रीय कृषि मंत्री भागीरथ चौधरी द्वारा भी योग किया जाएगा। इस कार्यक्रम में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए गए है। जिला स्तर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ वीसी के माध्यम से बैठक ली गई। इसमें अधिकतम अधिकारियों एवं कार्मिंकों को योग से जुड़ने का आह्वान किया गया है। जिला मुख्यालय पर तीनों स्थानों पर अधिकतम जन सहभागिता के लिए प्रशासन द्वारा अपील की गई है। इसके साथ-साथ योगा संगम पोर्टल पर अधिक से अधिक योग स्थलों एवं व्यक्तियों को पंजीकृत करना चाहिए। आमजन योग दिवस के कार्यक्रमों से पहले, दौरान तथा पश्चात पोर्टल पर स्वयं को पंजीकृत कर सकते है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए प्रभारी अधिकारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए है। वरुण सागर के लिए नगर निगम के उपायुक्त श्रवण सिंह को प्रभारी अधिकारी एवं तहसीलदार चुनाव सुरेन्द्र कुमार को सहायक प्रभारी अधिकारी लगाया गया है। इसी प्रकार बारादरी के लिए प्रभारी अधिकारी अजमेर विकास प्राधिकरण के भूमि अवाप्ति अधिकारी धर्मेन्द्र वर्मा तथा सहायक प्रभारी अधिकारी तहसीलदार ओम सिंह लखावत होंगे।
आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. हनुमान मीना ने बताया कि वरुण सागर एवं बारादरी के लिए विभाग द्वारा प्रभारी अधिकारी तथा सहायक प्रभारी अधिकारी लगाए गए है।वरुण सागर के लिए प्रभारी अधिकारी वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. धीरज उपाध्याय प्रभारी अधिकारी तथा डॉ. मनोज कुमार महावर सहायक प्रभारी अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे। इसी प्रकार बारादरी पर होने वाले योग दिवस के आयोजन के प्रभारी अधिकारी सहायक निदेशक डॉ. विशाल नाहेलिया एवं सहायक प्रभारी अधिकारी वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुकेश मीणा हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष