आरयूआईडीपी के पांचवें चरण में बीकानेर शहर में होंगे 479 करोड़ रुपये के विकास कार्य 

 


बीकानेर, 05 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) द्वारा बीकानेर शहर में प्रस्तावित पांचवें चरण के लगभग 479 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को लेकर बुधवार को बीकानेर विकास प्राधिकरण सभागार में ‘आरयूआईडीपी संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा अन्य स्टेकहोल्डर्स से प्रस्तावित कार्यों पर सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किए गए।

कार्यक्रम में आरयूआईडीपी के अधिशासी अभियंता दीपक मांडन ने बताया कि पांचवें चरण के अंतर्गत एशियन डेवलपमेंट बैंक के वित्तपोषण से अपशिष्ट जल प्रबंधन, शोधित जल के पुनः उपयोग, बाढ़ प्रबंधन, ड्रेनेज व्यवस्था, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (CCC), विरासत संरक्षण, पर्यटन विकास तथा शहरी परिवहन नेटवर्क को सुदृढ़ करने के कार्य किए जाएंगे। इन परियोजनाओं से शहर में आधुनिक एवं टिकाऊ आधारभूत सुविधाओं का विकास होगा।

मांडन ने जानकारी दी कि परियोजना के तहत बाढ़ प्रबंधन एवं ड्रेनेज कार्यों पर लगभग 225 करोड़ रुपये, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, विरासत संरक्षण एवं पर्यटन विकास पर 44 करोड़ रुपये तथा शहरी गतिशीलता एवं परिवहन सुधार पर 178 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इसके अलावा अपशिष्ट जल प्रबंधन एवं शोधित जल के पुनः उपयोग से जुड़े कार्य भी इस चरण में शामिल हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए आरयूआईडीपी, नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी एवं जनता के सहयोग को भी परियोजना की सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।

परियोजना के अधिशाषी अभियंता दीपक मांडण ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सभी कार्य गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूरे किए जाएंगे तथा कार्यशाला में प्राप्त उपयोगी सुझावों को परियोजना में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीए व निगम कमिश्नर सिद्धार्थ पलानीचामी ने कहा कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान आमजन को न्यूनतम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने पूर्व के अनुभवों का उल्लेख करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्यों पर जोर दिया तथा कहा कि इस संवाद कार्यक्रम से प्राप्त सुझाव परियोजना को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।

कार्यक्रम में नगर निगम के एसई चिराग गोयल, टीआई कानाराम, पुरातत्व विभाग से राकेश शर्मा, पीएचईडी एसई बलबीर सिंह, सहायक नगर नियोजक ओम प्रकाश चौधरी समेत दुर्गाशंकर व्यास, आशीष वधवा, आंनद व्यास, हिमांशु मांडन, प्रकाश मेघवाल, सुंदरलाल चांवरिया, पवन सुथार समेत विभिन्न जनप्रतिनिधियों, जिला स्तरीय अधिकारियों, आरयूआईडीपी से जुड़े अधिकारियों एवं अन्य स्टेकहोल्डर्स ने भाग लेकर परियोजना से संबंधित विषयों पर अपने सुझाव साझा किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव