देवर्षि नारद जयंती व पत्रकार सम्मान समारोह 2 मई को, प्रविष्टियां आमंत्रित

 


जयपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। विश्व संवाद केंद्र, जयपुर की ओर से 2 मई को पाथेय भवन, मालवीय नगर स्थित देवर्षि नारद सभागार में दोपहर 1 बजे देवर्षि नारद जयंती एवं पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

समारोह में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वदेश समूह के सलाहकार संपादक गिरिश उपाध्याय करेंगे, जबकि प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय संयोजक जे. नंदकुमार मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे। ‘देवर्षि नारद पत्रकार सम्मान-2026’ के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और न्यू मीडिया से जुड़े पत्रकारों से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 22 अप्रैल निर्धारित की गई है। पुरस्कार के लिए चयन 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच प्रकाशित या प्रसारित मौलिक कार्यों के आधार पर किया जाएगा। आवेदन https://vskjaipur.com/journalist-form/ पर किये जा सकते हैं। पुरस्कार के लिए चयन 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच प्रकाशित या प्रसारित मौलिक कार्यों के आधार पर किया जाएगा।

आवेदकों का कार्यक्षेत्र जयपुर प्रांत के अंतर्गत आने वाले जिलों जयपुर, दौसा, सवाईमाधोपुर, करौली, भरतपुर, अलवर, सीकर, चूरू, झुंझुनूं, धौलपुर और टोंक तक सीमित रखा गया है। इसके अतिरिक्त पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए लेखन प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में ‘भारत की समृद्धि का मार्ग : स्वदेशी का उपयोग’, ‘पर्यावरणपरक भारतीय जीवन शैली’, ‘समरस समाज के निर्माण में मीडिया की भूमिका’, ‘बदलते सामाजिक परिवेश में संयुक्त परिवार का महत्व’ और ‘युवा और पंच परिवर्तन : बदलाव की नई धारा’ विषयों पर लेख आमंत्रित किए गए हैं। लेख भेजने की अंतिम तिथि 25 अप्रैल निर्धारित की गई है। प्रत्येक विषय पर श्रेष्ठ लेख को पुरस्कृत किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारीक