देवउठनी एकादशी पर योग निद्रा से जागेंगे श्रीहरि: शुरू होंगे मांगलिक कार्य

 


जयपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। छोटीकाशी जयपुर में नवंबर का अंतिम सप्ताह धार्मिक आयोजनों और पर्वों की रौनक लेकर आएगा। 21 नवंबर को देवउठनी एकादशी के साथ भगवान विष्णु चार माह की योग निद्रा से जागेंगे और चातुर्मास का समापन होगा। इसके साथ ही विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाएगी। वहीं, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देव दिवाली का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस बार कार्तिक पूर्णिमा पर कृत्तिका नक्षत्र और परिघ योग का विशेष संयोग बन रहा है।

21 नवंबर को देवउठनी एकादशी, शुरू होंगे मांगलिक कार्य

कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवउठनी या प्रबोधिनी एकादशी के रूप में मनाया जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योग निद्रा से जागते हैं। उनके जागने के साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाता है और विवाह सहित अन्य शुभ कार्यों पर लगा विराम हट जाता है।

पंडित बनवारी लाल शर्मा के अनुसार पंचांग गणना के मुताबिक एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 7 बजकर 16 मिनट पर शुरू होकर 21 नवंबर को सुबह 4 बजकर 55 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि के महत्व के चलते गृहस्थजन 21 नवंबर को व्रत रखेंगे। वहीं, वैष्णव संप्रदाय के श्रद्धालु 20 नवंबर को व्रत रखकर भगवान विष्णु की विशेष आराधना करेंगे। जयपुर के आराध्य गोविंददेवजी मंदिर में भी 21 नवंबर को देवउठनी एकादशी का पर्व मनाया जाएगा।

इस दिन श्रद्धालु भगवान विष्णु को योग निद्रा से जगाने के लिए विधि-विधान से देवोत्थान पूजा करेंगे। इसके साथ ही माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह रचाया जाएगा। मान्यता है कि देवउठनी एकादशी स्वयंसिद्ध और अबूझ मुहूर्त की तिथि है। इस दिन नए व्यापार, वाहन खरीदारी और अन्य शुभ कार्यों की शुरुआत करना मंगलकारी माना जाता है। इस वर्ष एकादशी भीष्म पंचक के दौरान पड़ रही है, जिससे इसका धार्मिक महत्व और बढ़ गया है।

24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा, देव दिवाली की छटा

कार्तिक पूर्णिमा का पर्व 24 नवंबर, मंगलवार को मनाया जाएगा। इस बार पूर्णिमा पर कृत्तिका नक्षत्र और परिघ योग का विशेष संयोग बन रहा है। इस अवसर पर छोटीकाशी के मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर देव दिवाली का उत्सव मनाया जाएगा।

पर्व पर अलसुबह से ही गलताजी सहित विभिन्न पवित्र जलाशयों पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। स्नान के बाद भगवान विष्णु की पूजा, सत्यनारायण व्रत कथा, श्रीमद्भगवद्गीता और विष्णु सहस्रनाम का पाठ किया जाएगा। श्रद्धालु 'ओम नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप कर परिवार में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करेंगे।

पंडित राजेश कुमार शर्मा के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा का संबंध भगवान विष्णु के मत्स्य अवतार से भी है। शास्त्रों में इस दिन गंगा स्नान के बाद दीपदान का विशेष महत्व बताया गया है। मान्यता है कि दीपदान से दस यज्ञों के समान पुण्य मिलता है। भगवान केशव के समक्ष अखंड दीपक जलाने और अन्न, वस्त्र, धन तथा घी का दान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है।

कार्तिक की अंतिम तीन तिथियां मानी गई हैं विशेष फलदायी

पंडित शर्मा के अनुसार कार्तिक मास की अंतिम तीन तिथियां त्रयोदशी, चतुर्दशी और पूर्णिमा अत्यंत श्रेष्ठ मानी गई हैं। इन्हें शास्त्रों में 'अति पुष्करिणी' कहा गया है। मान्यता है कि इन तीन दिनों में सूर्योदय से पहले स्नान करने से पूरे कार्तिक मास के नियमपूर्वक स्नान के समान पुण्य प्राप्त होता है। जो श्रद्धालु तीर्थ स्थलों पर नहीं जा सकते, वे घर पर स्नान के जल में गंगाजल मिलाकर और हाथ में कुश धारण कर स्नान कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश