(अपडेट).. देवउठनी एकादशी पर खाटू धाम में उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब

 


जयपुर/सीकर, 18 नवंबर (हि.स.)। खाटूश्यामजी में 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी पर आयोजित होने वाले बाबा श्याम के पाटोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। पाटोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए श्री श्याम मंदिर कमेटी और प्रशासन ने सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा, यातायात और बिजली व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 15 लाख पानी के पाउच और 10 पानी के टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए 280 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के साथ 2200 निजी सुरक्षा गार्ड और होमगार्ड तैनात रहेंगे।

श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि श्रद्धालुओं को रास्ते में पेयजल की परेशानी नहीं हो, इसके लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। पार्किंग स्थलों पर बोरिंग के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। सांवलपुरा और 52 बीघा पार्किंग में स्थायी सुलभ कॉम्प्लेक्स के साथ पेयजल की सुविधा रहेगी। प्रमुख रास्तों पर ध्वनि प्रसारण प्रणाली लगाई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं तक आवश्यक सूचनाएं पहुंचाई जा सकें।

कमेटी व्यवस्थापक संतोष शर्मा ने बताया कि चिकित्सा विभाग के सहयोग से पांच स्थानों पर चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। यहां श्रद्धालुओं को निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए पांच एंबुलेंस तैनात रहेंगी। परिजनों से बिछुड़ने वाले श्रद्धालुओं की सहायता के लिए तोरण गेट, अस्पताल चौराहा, मंदिर निकासी मार्ग और अलोदा तिराहे पर चार सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

पाटोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए 280 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। भीड़ नियंत्रण और व्यवस्थाओं के संचालन के लिए 2200 निजी सुरक्षा गार्ड और होमगार्ड तैनात रहेंगे। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पांच छोटी और एक बड़ी क्रेन की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आगजनी जैसी घटनाओं से निपटने के लिए चार दमकल वाहन तैनात रहेंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। इसके तहत 500 किलोवाट के दो और 125 किलोवाट का एक जनरेटर लगाया जाएगा। लखदातार ग्राउंड में 320 किलोवाट तथा 40 फीट मार्ग पर 45 और 42 किलोवाट के जनरेटर उपलब्ध रहेंगे। पार्किंग स्थलों पर बैरिकेडिंग, टिन शेड और संकेतक बोर्ड लगाने का काम भी अंतिम चरण में है।

श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और पैदल यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने रींगस से खाटूश्यामजी जाने वाले मुख्य मार्ग पर 44 घंटे तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया है। उपखंड मजिस्ट्रेट रींगस बृजेश कुमार की ओर से जारी आदेश के अनुसार 19 नवंबर को दोपहर 2 बजे से 21 नवंबर को सुबह 10 बजे तक रींगस-लाखनी-लांपुवा-चौमूं पुरोहितान-खाटूश्यामजी सड़क मार्ग (एसएच-113) नो व्हीकल जोन रहेगा।

प्रशासन ने खाटूश्यामजी जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया है। इसके तहत रींगस-बावड़ी-ठिकरिया-शाहपुरा मोड़ होते हुए 52 बीघा पार्किंग (एनएच-52) तक जाने वाला मार्ग पूर्ववत चालू रहेगा। वाहन चालक इसी मार्ग से खाटूधाम पहुंच सकेंगे।

प्रशासन और मंदिर कमेटी की ओर से देवउठनी एकादशी पर रींगस से खाटूधाम तक पैदल आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुख्य मार्ग पर वाहनों का प्रवेश बंद रखने का निर्णय लिया गया है। मेला अवधि में भीड़ नियंत्रण, सुगम दर्शन और आवश्यक सुविधाओं को लेकर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश