शहीद स्मारक से उठेगी लोकतंत्र बचाने की आवाज: गहलोत-डोटासरा सहित कई नेता होंगे शामिल

 


जयपुर, 18 जून (हि.स.)। कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की ओर से शुक्रवार, 19 जून को जयपुर के शहीद स्मारक पर ‘लोकतंत्र बचाओ सत्याग्रह’ आयोजित किया जाएगा। इस आंदोलन में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पंचायत एवं निकाय चुनावों से जुड़े जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे।

राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेशाध्यक्ष सीबी यादव ने बताया कि लोकतंत्र बचाओ सत्याग्रह किसी राजनीतिक दल विशेष का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए जन आंदोलन है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने से लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। इसकी वैधानिकता और प्रक्रिया को लेकर व्यापक बहस और चिंताएं सामने आई हैं, जिससे चुनावी संस्थाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।

सीबी यादव ने बताया कि शहीद स्मारक पर शुक्रवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक सत्याग्रह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद प्रदेशभर में लोकतंत्र की रक्षा और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता के लिए जनजागरण अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न जिलों में अभियान चलाकर लोगों को लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक संस्थाओं के महत्व से अवगत कराया जाएगा।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि 20 अगस्त को जयपुर सहित पूरे प्रदेश में ‘लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा’ निकाली जाएगी।

सीबी यादव ने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में राजनीतिक दलों की तोड़फोड़ की जा रही है और सांसदों को दल बदलने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, लेकिन चुनाव आयोग इस पर मौन है। उन्होंने मांग की कि दल बदल करने वाले सांसदों के खिलाफ चुनाव आयोग को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश