डांगावास हत्याकांड की उच्च स्तर पर समीक्षा की मांग
जोधपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग जोधपुर के तत्ववधान में आज नागौर जिले के बहुचर्चित डांगावास हत्याकांड में सभी 40 आरोपियों को बरी किए जाने के उपरांत उत्पन्न गंभीर न्याय संकट तथा 6 निर्दोषों की हत्या के वास्तविक दोषियों को सजा दिलाने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन प्रेषित किया गया।
अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष डॉ. धनपत गुर्जर ने बताया कि वर्ष 2015 में हुए डांगावास प्रकरण में 5 दलितों सहित कुल 6 लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई थी। हाल ही में एससी-एसटी विशेष अदालत द्वारा सभी 40 आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि इस फैसले से जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, उन्हें न्याय नहीं मिला है। पीडि़त परिवारों को इंसाफ दिलाने और इस गंभीर प्रकरण में निष्पक्ष जांच करवाकर वास्तविक दोषियों को सख्त सजा दिलाने हेतु राज्यपाल से हस्तक्षेप का आग्रह किया गया है। ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस शहर कमेटी के जिला अध्यक्ष ओमकार वर्मा, पूर्व विधायक मनीषा पंवार, अरुण बलाई, त्रिलोक मेहरा, मोहन लीलावत, कमलेश राठौर, जगदीश सरगरा, प्रकाश चौहान, भीमराज मुडिय़ा, मांगीलाल परिहार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश