जोधपुर जेल में बंद सोनम वांगचुक की रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन

 


जोधपुर, 15 फरवरी (हि.स.)। जोधपुर की सेंट्रल जेल में बंद सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुंग की रिहाई की मांग को लेकर आज विभिन्न संगठनों ने रैली निकालकर जेल के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान शामिल हुए सामाजिक कार्यकर्ताओं ने वांगचुंग की रिहाई की मांग को लेकर नारेबाजी भी की। उनका कहना था कि सोनम वांगचुंग को सरकार के दबाव में जेल में रखा गया है, जिन्हें जल्द रिहा करना चाहिए।

समर्थकों का कहना था कि सोनम वांगचुक को पिछले साल 26 सितंबर को लद्दाख से गिरफ्तार किया था और उन्हे जोधपुर केन्द्रीय कारागार में रखा गया। आज यहां हिरासत के 153 दिन पूरे हो गए। राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) का खुला दुरुपयोग करते हुए उन्हें अलोकतांत्रिक एवं गैर कानूनी रूप से नजऱबंद किया गया हैं जो बेहद शर्मनाक हैं। उनकी रिहाई की मांग को लेकर अलग-अलग संगठनों ने जेल के बाहर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस अलर्ट नजर आई और मोहनपुरा पुलिया के पास से ही सेंट्रल जेल की तरफ जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग कर रोक दिया। पुलिस ने डिस्कॉम, सीएमएचओ ऑफिस के रास्ते को भी बंद कर दिया। हालांकि इस पूरी बैरिकेडिंग के चलते उन लोगों को परेशान होना पड़ा, जो जोधपुर के डिस्कॉम व सीएमएचओ कार्यालय में किसी काम से आए थे। इसमें नगर निगम से लेकर डिस्कॉम, सीएमएचओ ऑफिस के कार्मिक फंसे रहे। लोगों ने पुलिस की कार्य प्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए। लोगों का कहना था कि प्रदर्शन जोधपुर की सेंट्रल जेल के बाहर होना था लेकिन पुलिस ने बाकी सरकारी ऑफिस के रास्ते को भी बंद कर दिया। इसके चलते कई अधिकारी और कर्मचारियों को सरकारी काम से बाहर जाने के लिए पुलिस के रास्ता खोलने का इंतजार करना पड़ा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश