खेल परियोजनाओं को शीघ्र शुरू करने की मांग

 


जोधपुर, 11 जून (हि.स.)। शारीरिक शिक्षा एवं खेल विकास समिति ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर स्टेट स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट, खेल आवासीय विद्यालय, पैरा खेल अकादमी तथा अन्य खेल परियोजनाओं से जुड़ी लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।

समिति के अध्यक्ष डॉ. पवित्र सिंह बिश्नोई ने बताया कि पूर्ववर्ती सरकार द्वारा जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन के निकट लगभग 100 करोड़ रुपए की लागत से स्टेट स्पोर्ट्स आवासीय सेंटर एवं खेल सुविधाओं का निर्माण कार्य शुरू किया गया था, जिससे करीब एक हजार युवा खिलाडिय़ों को लाभ मिलने की उम्मीद थी। परियोजना का अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसमें बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, लॉन टेनिस, कबड्डी, खो-खो के कोर्ट तथा एथलेटिक्स ट्रैक तैयार हैं, लेकिन अब तक इनका संचालन शुरू नहीं किया गया है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो शारीरिक शिक्षा एवं खेल विकास समिति खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों के साथ मिलकर अनिश्चितकालीन आंदोलन एवं आमरण अनशन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और राज्य सरकार की होगी। उन्होंने बताया कि ऑल वेदर स्विमिंग पूल एवं मल्टीपरपज इंडोर हॉल का निर्माण अभी अधूरा है।

इसके लिए आवश्यक राशि उपलब्ध होने के बावजूद फाइलें राज्य सरकार स्तर पर लंबित हैं। साथ ही नव निर्मित छात्रावास को राजस्थान स्टेट स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट को हैंडओवर नहीं किए जाने से खिलाड़ी छात्र-छात्राओं को निजी आवासों में अधिक किराया देकर रहना पड़ रहा है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन पर शारीरिक शिक्षक महाविद्यालय का नियंत्रण युवा मामले एवं खेल विभाग को नहीं सौंपने का आरोप भी लगाया गया है। डॉ. बिश्नोई ने कहा कि खिलाडिय़ों और खेलों के हित में तत्काल निर्णय लिए जाने चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश