तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण के लिए एसीएस से मिला प्रतिनिधिमंडल
जयपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) के प्रदेशाध्यक्ष रमेश पुष्करणा के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को अतिरिक्त मुख्य सचिव स्कूल शिक्षा से भेंट कर तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण किए जाने की मांग की। प्रदेश महामंत्री महेंद्र लखारा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त मुख्य सचिव स्कूल शिक्षा राजेश यादव को शिक्षकों की समस्या को लेकर प्रस्तुत ज्ञापन पर बिंदुवार और विस्तृत चर्चा की। शिक्षक नेताओं ने कहा कि तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों पर लगी रोक को हटाया जाए तथा बरसों से दूरस्थ जिलों में सेवाएं दे रहे शिक्षकों को स्थानांतरण के माध्यम से राहत दी जाए।
राज्य के शैक्षिक परिदृश्य पर चर्चा करते हुए मांग की गई कि माध्यमिक शिक्षा में यथाशीघ्र स्टाफिंग पैटर्न शुरू कर पिछले सात वर्षों में क्रमोन्नत हुए विद्यालयों में पदों का आवंटन किया जाए।
पिछले दिनों विभिन्न कारणों से निकले वसूली आदेशों से शिक्षक वर्ग परेशान हैं। इन आदेशों को रद्द कर पे - प्रोटेक्शन दिए जाने की मांग की गई। अतिरिक्त मुख्य सचिव को अवगत कराया गया कि जीपीएफ और एसआई पर कर्मचारियों को मिलने वाला ऋण समय पर नहीं मिल रहा। यही हाल उपार्जित अवकाशों के नकद भुगतान के मामले में है। इस व्यवस्था में सुधार किए जाने की मांग की गई
प्रतिनिधिमंडल ने शाला दर्पण और अन्य विभागीय पोर्टल की कमजोर सामर्थ्य का मुद्दा भी उठाया। इस कारण किसी भी प्रपत्र को भरने के लिए बारबार तिथियां बढ़ानी पड़ती हैं। शिक्षा विभाग के कार्मिकों की संख्या के अनुरूप शाला दर्पण के डोमेन की सामर्थ्य बढ़ाने की मांग की गई। इसके अतिरिक्त 33000 संविदा शिक्षकों के नियमितीकरण, गैर- शैक्षणिक कार्यों से शिक्षकों की मुक्ति, 31 दिसंबर बाद नियुक्त शिक्षकों को विकल्प पत्र की बाध्यता में शिथिलता, कंप्यूटर अनुदेशकों के कैडर को मजबूत किए जाने, सभी पदोन्नतियां किए जाने, तृतीय श्रेणी शिक्षकों की 6 सत्रों से लंबित पदोन्नतियों के मामले में उच्चतम न्यायालय में जल्दी सुनवाई का प्रार्थना - पत्र दिए जाने सहित विभिन्न मांगों पर चर्चा हुई।
वार्ता में सरकार की ओर से अतिरिक्त मुख्य सचिव के अलावा उपशासन सचिव मोनिका बराला, संस्कृत शिक्षा विभाग की निदेशक प्रियंका जोधावत, सलाहकार शिक्षा बी. के. गुप्ता उपस्थित थे।
संगठन की ओर से प्रदेश अध्यक्ष रमेश पुष्करणा, महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संपत सिंह, अतिरिक्त महामंत्री बसंत जिंदल एवं कोषाध्यक्ष कैलाश कच्छावा मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश