उत्थान को लेकर भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार से मिला प्रतिनिधिमंडल
जयपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। विमुक्त, घुमंतु एवं अर्ध घुमंतू जनाधिकार समिति, राजस्थान के एक प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अजेय कुमार को भारत माता का चित्र और वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा भेंट कर उनका आत्मीय अभिनंदन किया तथा समाज के सर्वांगीण विकास एवं उत्थान से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
समिति के सह संयोजक राकेश बिड़ावत ने बताया कि बैठक के दौरान विमुक्त, घुमंतु एवं अर्ध घुमंतू समाज के सामाजिक उत्थान, शिक्षा और कौशल विकास के अवसरों के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा समाज के लोगों के आर्थिक सशक्तिकरण और स्वरोजगार के साधनों को बढ़ावा देने पर विचार-विमर्श हुआ। संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन की मांग रखी गई। संगठन के विस्तार और समाज के समग्र विकास को गति देने के लिए आगामी रणनीति व कार्ययोजना पर सहमति बनी।
सह संयोजक राकेश बिड़ावत के अनुसार इस महत्वपूर्ण वार्ता के दौरान प्रतिनिधिमंडल में क्षेत्रीय संयोजक रामकिशोर योगी, सदस्य राम अवतार योगी, जयपुर प्रांत सह संयोजक जसराम गोस्वामी, भाजपा राजस्थान अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री ओमप्रकाश जेदिया तथा सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता वेद प्रकाश पटेल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश