दशकों से अटकी परियोजनाओं का समाधान, राजस्थान को मिलेगा पर्याप्त पानी : मुख्यमंत्री
जैतारण/जयपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण विकास के लिए ऐसा रोडमैप तैयार किया है, जिसके माध्यम से प्रदेश के हर गांव का सुनियोजित विकास किया जाएगा। गांवों में खेल मैदान से लेकर अटल ज्ञान केंद्र तक विकसित किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को ई-लर्निंग की सुविधा मिले और वे अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ सकें।
मुख्यमंत्री बुधवार को जैतारण में आयोजित सेवा संवाद कार्यक्रम-संकल्प यात्रा अभियान को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान की दशकों से अटकी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का समाधान हुआ है। प्रदेश की पानी की आवश्यकता पूरी करने के लिए रामजल सेतु, यमुना जल समझौता, नर्मदा समझौता और किशाऊ बहुद्देश्यीय बांध परियोजना जैसे बड़े अंतरराज्यीय समझौते हुए हैं। इससे राजस्थान को भविष्य में पर्याप्त जल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में युवा, महिला, किसान और मजदूर के सशक्तिकरण पर काम हो रहा है। राजस्थान में विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब बिजली लेने के बजाय अन्य राज्यों को बिजली देने की स्थिति में है। रोडवेज और डेयरी जैसे उपक्रम भी लाभ की स्थिति में हैं। किसानों को गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 150 रुपए का अतिरिक्त बोनस दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत और एक पेड़ मां के नाम जैसे अभियानों ने सामाजिक सरोकारों को नई दिशा दी है। राजस्थान में भी इसी भावना से हरियालो राजस्थान अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत पांच वर्षों में 50 करोड़ पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं ट्राई साइकिल वितरित की।
उन्होंने परिसर में पौधारोपण भी किया। इसके बाद पावन धाम परिसर में जैन संत रूपमुनि महाराज एवं मिश्रीमल महाराज के समाधि स्थल पर नमन किया।
कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, विधायक शोभा चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित