(अपडेट) प्रसूताओं की मौत पर राज्य सरकार की बड़ी कार्रवाई, वरिष्ठ चिकित्सक सहित चार कार्मिकों पर गिरी गाज

 


जयपुर, 09 मई (हि.स.)। कोटा स्थित न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन के बाद प्रसूताओं की मौत और कई महिलाओं की तबीयत बिगड़ने के गंभीर मामले में राजस्थान सरकार ने त्वरित और सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर मामले की निष्पक्ष जांच शुरू कर दी गई है, जबकि चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में चिकित्सा प्रोटोकॉल और उपचार प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही सामने आने पर सह आचार्य जनरल सर्जरी विभाग के डॉ. नवनीत कुमार को निलंबित कर दिया गया है। वहीं यूटीबी पर कार्यरत सहायक आचार्य डॉ. श्रद्धा उपाध्याय को सेवा से बर्खास्त किया गया है। ड्यूटी पर तैनात सीनियर नर्सिंग अधिकारी गुरजौत कौर और निमेश वर्मा को भी कार्य में लापरवाही, चिकित्सा प्रोटोकॉल की अनदेखी और मरीजों की निगरानी में कमी के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर जयपुर मुख्यालय भेजा गया है।

इसके अलावा स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के यूनिट हेड डॉ. बीएल पटीदार और डॉ. नेहा सीहरा को कारण बताओ नोटिस जारी कर उपचार प्रक्रिया, ऑपरेशन उपरांत मॉनिटरिंग और प्रशासनिक समन्वय में संभावित लापरवाही पर जवाब मांगा गया है।

चिकित्सा शिक्षा आयुक्त बाबूलाल गोयल ने कोटा पहुंचकर अस्पताल की व्यवस्थाओं, उपचार प्रक्रिया और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने अस्पताल प्रशासन को ऑपरेशन थिएटर प्रबंधन, एनेस्थीसिया प्रोटोकॉल, दवा वितरण प्रणाली और पोस्ट-ऑपरेटिव निगरानी व्यवस्था की व्यापक समीक्षा कर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और चिकित्सा सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले सभी अधिकारियों, चिकित्सकों और कार्मिकों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि काेटा के न्यू मेडिकल हॉस्पिटल में चार मई काे सिजेरियन डिलीवरी के बाद एक-एक कर छह महिलाओं की तबीयत बिगड़ी थी। इनमें से दाे महिलाओं की मौत हो चुकी है। शुक्रवार काे हॉस्पिटल में भर्ती 2 और महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई। किडनी फेल होने पर उन्हें प्राइवेट हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित