सड़क हादसे में मौत, परिवार ने मांगा एक करोड़ मुआवजा, मोर्चरी के बाहर हंगामा

 


उदयपुर, 27 अगस्त (हि.स.)।

उदयपुर जिले के खेरोदा थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए सड़क हादसे में शोभागपुरा निवासी भगवान लाल डांगी की मौत के बाद गुरुवार को परिजन और समाज के लोग एमबी अस्पताल की मोर्चरी के बाहर जुटे। लोगों ने कंपनी प्रबंधन से मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की।

परिजनों के अनुसार भगवान लाल डांगी पिछले करीब 20 वर्षों से निजी कंपनी में ड्राइवर के रूप में कार्यरत था। बुधवार को वह कंपनी के काम से प्रतापगढ़ गया था। वहां से लौटते समय खेरोदा क्षेत्र में हुए बस-ट्रेलर हादसे में उनकी मौत हो गई। हादसे में अन्य लोगों के भी हताहत होने की जानकारी सामने आई है।

परिजनों ने बताया कि भगवान लाल ही परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके दो बच्चे हैं और परिवार में अब कोई अन्य कमाने वाला सदस्य नहीं है। ऐसे में उनकी आकस्मिक मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इसी को देखते हुए परिजनों और समाज के लोगों ने कंपनी से एक करोड़ रुपए का उचित मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।

समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई जिम्मेदार अधिकारी या मैनेजर मौके पर नहीं पहुंचा। इसे लेकर लोगों में नाराजगी है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनकी मांग सरकार से नहीं, बल्कि कंपनी प्रबंधन से है।

लोगों ने चेतावनी दी कि यदि कंपनी ने जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। मोर्चरी के बाहर बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे और परिवार को न्याय एवं आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता