डीसीपी पूर्व ने जनसुनवाई में सुनी आमजन की पीड़ा: संबंधित अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश

 


जयपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने शनिवार को जवाहर सर्किल थाने में जनसुनवाई कर परिवादियों की समस्याएं सुनीं। दोपहर 1 से 3 बजे तक आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में परिवादी पहुंचे और अपनी शिकायतें एवं समस्याएं पुलिस उपायुक्त के समक्ष रखीं। डीसीपी ने परिवादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान कई परिवादों का मौके पर ही समाधान कर परिवादियों को राहत प्रदान की गई।

जनसुनवाई में बजाज नगर, मालवीय नगर, खोह नागोरियान, जवाहर सर्किल और एयरपोर्ट थाना क्षेत्रों से संबंधित परिवादी शामिल हुए। परिवादियों ने विभिन्न मामलों से जुड़ी अपनी समस्याएं पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखीं। डीसीपी ने संबंधित थाना अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी लेते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने अधिकारियों को परिवादियों की शिकायतों को प्राथमिकता से सुनने और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिकता है और जनसुनवाई के माध्यम से लोगों को अपनी शिकायत सीधे पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलता है।

जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस मल जैन सहित बजाज नगर, मालवीय नगर, खोह नागोरियान, जवाहर सर्किल और एयरपोर्ट थाना क्षेत्रों के संबंधित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परिवादियों की शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई की जानकारी भी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश