मार्च में तपने लगेगा राजस्थान, पहले हफ्ते में 40 पार पहुंचने की संभावना
जयपुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। प्रदेश में मौसम का मिजाज अब तेजी से बदल रहा है और गर्मी ने धीरे-धीरे असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने मार्च के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना जताई है। हालांकि 27 फरवरी को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है।
मंगलवार को प्रदेश के 26 शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री के साथ बाड़मेर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि 19.4 डिग्री के साथ बीकानेर की रात सबसे गर्म रही। मौसम विभाग के अनुसार बाड़मेर के अलावा बीकानेर, जालोर, पाली, झुंझुनूं, लूणकरणसर, करौली, डूंगरपुर, नागौर, जैसलमेर और जोधपुर सहित कई अन्य शहरों में भी अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। सोमवार को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई। सर्वाधिक वर्षा दौसा में 10 मिलीमीटर रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि 27 फरवरी को सक्रिय होने वाला कमजोर पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश के उत्तरी-पूर्वी हिस्सों को प्रभावित कर सकता है।
राजधानी जयपुर में मंगलवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहे और मध्यम गति से हवाएं चलीं। इसके चलते दिन के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई, जबकि रात के तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। जयपुर का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश