राजस्थान में दिन में सुहानी धूप तो रात की ठंडक हुई कम; माउंट आबू सबसे ठंडा
जयपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल रहा है। रविवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे मापा गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। बाड़मेर को छोड़कर सभी शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। वहीं, माउंट आबू 12.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, प्रदेश में अगले तीन से चार दिन तक आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान दिनभर धूप खिली रहेगी और कुछ शहरों में अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। बारिश थमने और धूप निकलने के बाद दिन में मौसम सुहावना बना हुआ है, जबकि कई इलाकों में रात की ठंडक का असर थोड़ा कम हुआ है।
रविवार को बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
जैसलमेर में 34.8, चित्तौड़गढ़ में 33.8, पिलानी में 33.1, फतेहपुर में 33, नागौर और चूरू में 32.8 तथा श्रीगंगानगर में 32.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। चूरू, बीकानेर, फलोदी, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, जयपुर और अजमेर सहित कई शहरों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे मापा गया।
प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में रात के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर, फलोदी और बाड़मेर सहित कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री अधिक मापा जा रहा है। इससे रात के समय ठंड का असर अपेक्षाकृत कम महसूस हो रहा है।
शेखावाटी क्षेत्र में भी न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो गई है। सीकर में न्यूनतम तापमान 15.5, फतेहपुर में 13.9, झुंझुनूं और चूरू में 17.5 तथा पिलानी में 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, टोंक में 16.4 और अजमेर में 16 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान मापा गया।
भरतपुर और कोटा संभाग में सुबह हल्की धुंध दिखाई दी, लेकिन सूरज निकलने के साथ आसमान साफ हो गया। जयपुर, जोधपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग में दिनभर साफ आसमान के बीच धूप खिली रही। मौसम के मौजूदा रुख को देखते हुए अगले कुछ दिनों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित