दाऊदी बोहरा समुदाय ने मनाई ईद उल अज़हा

 


उदयपुर, 26 मई (हि.स.)। दाऊदी बोहरा समुदाय ने मंगलवार को ईद उल अज़हा का पर्व श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया। इस अवसर पर शहर की विभिन्न मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की गई तथा देश, प्रदेश और शहर में अमन, शांति एवं खुशहाली की दुआ मांगी गई। पर्व को लेकर समुदायजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

दाऊदी बोहरा जमात के प्रवक्ता मंसूर अली ओडावाला ने बताया कि इस्लामी कैलेंडर के अंतिम माह जिल हज की 10 तारीख को मनाए जाने वाले इस पर्व पर सुबह 6 बजे रसूलपुरा, वजीहपुरा, मोइयदपुरा, चमनपुरा, खारोल कॉलोनी, खांजीपीर और खानपुरा सहित विभिन्न क्षेत्रों की मस्जिदों में ईद उल अज़हा की विशेष नमाज अदा की गई। नमाज के बाद समाजजनों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।

उन्होंने बताया कि रसूलपुरा में जनाब आकिब अली पलाना वाला, वजीहपुरा में जनाब मुदस्सर अली ज़री वाला, खारोल कॉलोनी में मुल्ला हाजी सज्जाद हुसैन खारागुड़ा वाला, चमनपुरा में जनाब मुजम्मिल के.आर., खानपुरा में हाजी जनाब अनीस अली हीता वाला, खांजीपीर में हाजी अब्बास अली पलाना वाला तथा पुला क्षेत्र में हाजी हातिम अली चाचूलिया वाला ने नमाज अदा करवाई।

ईद उल अज़हा के अवसर पर दिनभर समुदायजनों ने अपने घरों में कुरबानी की रस्म अदा की। वहीं शाम को बोहरवाड़ी स्थित जमातखाना में सामूहिक नियाज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता