जयपुर में रविवार को निकलेगी ‘साइक्लोथॉन फॉर ऑल’, स्वच्छ एवं हरित राजस्थान का देंगे संदेश
जयपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वायु और सतत जीवनशैली के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के तहत रविवार, एक नवंबर को जयपुर में ‘साइक्लोथॉन फॉर ऑल’ का आयोजन किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से नागरिकों को साइकिलिंग अपनाने, वायु प्रदूषण कम करने और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इंटरनेशनल सोसायटी फॉर लाइफ साइंसेज, राजस्थान सरकार के पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित साइक्लोथॉन का शुभारंभ सुबह सात बजे राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल झालाना डूंगरी से होगा। प्रतिभागी एपेक्स सर्किल और मालवीय नगर होते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय तक साइकिल यात्रा करेंगे। इसके बाद निर्धारित मार्ग से वापस लौटेंगे। प्रतिभागियों को सुबह 6:15 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना होगा।
‘स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ राजस्थान के लिए साइकिल चलाएं’ की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थी, युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि भाग ले सकेंगे। इसमें प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। पंजीकृत प्रतिभागियों को टी-शर्ट, टोपी, पर्यावरण अनुकूल बैग, सहभागिता प्रमाण-पत्र, जलपान, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि, प्रतिभागियों को अपनी साइकिल स्वयं लानी होगी।
आयोजन का उद्देश्य साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना, जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता घटाना और वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
यह पहल मिशन लाइफ के अनुरूप पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार और टिकाऊ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
कार्यक्रम में कानोड़िया पीजी कॉलेज, एपीजे अब्दुल कलाम राजकीय महिला महाविद्यालय, एलबीएस कॉलेज जयपुर, एसएस जैन सुबोध शिक्षा समिति, एसएसजी पारीक शिक्षा समिति और यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी, जयपुर शैक्षणिक सहयोगी के रूप में भागीदारी कर रहे हैं।
साइक्लोथॉन में भाग लेने के इच्छुक नागरिक https://forms.gle/R2HXeWqKjkhxFCE46 पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। अधिक जानकारी एवं पंजीकरण में सहायता के लिए 9928647916, 9414924365, 9460501085, 9314420245 और 9414043040 पर संपर्क किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित