अर्नब तूफान के असर से राजस्थान में बदला मौसम, कई शहरों में 8 डिग्री तक गिरा दिन का पारा
जयपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। अर्नब तूफान के प्रभाव से राजस्थान में मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई जिलों में हुई बारिश और उसके बाद चली सर्द हवाओं ने दिन में ही सर्दी का अहसास बढ़ा दिया। शुक्रवार को कई शहरों में अधिकतम तापमान में आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ गई। तापमान गिरने से लोगों को दिन में भी ठंड का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के जिलों में शुक्रवार दोपहर तक रुक-रुककर बारिश हुई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने मौसम में ठिठुरन बढ़ा दी। हालांकि, शाम होते-होते आसमान साफ होने लगा और हवा की रफ्तार कम होने से लोगों को कुछ राहत मिली।
शुक्रवार को प्रदेश के किसी भी शहर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंचा। बाड़मेर में सर्वाधिक 34.7 डिग्री तापमान मापा गया। जैसलमेर में 33.3, पाली में 32.4, फलोदी में 32.2, जोधपुर में 30.9, चूरू में 30.4 और श्रीगंगानगर में 30.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
बारिश और सर्द हवा के असर से दिन के तापमान में आई गिरावट ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को पूर्वी राजस्थान के भरतपुर और धौलपुर क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्के बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में आगामी एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने की संभावना है।
एक नवंबर से पूरे प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम साफ होने और धूप निकलने से दिन के समय लोगों को सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, बारिश के बाद चली ठंडी हवा से मौसम में आए बदलाव के चलते लोगों को सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास हो सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित