केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने दिया फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 


बीकानेर, 07 जून (हि.स.)। विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को बीकानेर संभाग मुख्यालय पर आयोजित विशाल साइकिल रैली एवं “मेरी साइकिल-मेरा हेलमेट” अभियान के तहत केंद्रीय विधि एवं न्याय (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने साइकिल चलाकर फिटनेस, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान पहली बार आयोजित साइकिल जन्मदिन समारोह में उन्होंने केक काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की।

केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने गंगा थिएटर परिसर से विशाल साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर पुनः गंगा थिएटर पहुंची। आयोजन का उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, सड़क सुरक्षा को प्रोत्साहित करने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था।

कार्यक्रम की शुरुआत “मेरी साइकिल-मेरा हेलमेट” अभियान के संयोजक बस्तीराम बिश्नोई की पहल पर साइकिल जन्मदिन समारोह से हुई। मेघवाल ने इस अभिनव आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि साइकिल केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नियमित साइकिल चलाने से शारीरिक फिटनेस बेहतर होती है, हृदय रोगों का खतरा कम होता है तथा मानसिक स्वास्थ्य भी सुदृढ़ होता है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और ईंधन खपत की चुनौतियों के बीच साइकिल सबसे पर्यावरण-अनुकूल परिवहन साधनों में से एक है। यदि लोग दैनिक जीवन में अधिकाधिक साइकिल का उपयोग करें तो प्रदूषण नियंत्रण के साथ-साथ स्वस्थ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

जिला खेल अधिकारी सुरेन्द्र हर्ष ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से योग, रस्साकशी, रनिंग गतिविधियों तथा जुंबा डांस सत्र का भी आयोजन किया गया। योग प्रशिक्षक भुवनेश पुरोहित और उनकी टीम ने योग प्रदर्शन किया। नगर निगम की ओर से प्रतिभागियों के लिए फल एवं जूस की व्यवस्था भी की गई।

कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी, अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेद सिंह रतनू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड़, हाल ही में आईपीएस में चयनित सुनील गोदारा, कोषाधिकारी धीरज जोशी, सीओ सिटी अनुज डाल, साई प्रशिक्षण केंद्र जोधपुर के प्रभारी हनुमंत सिंह, जिला साइकिलिंग संघ के सचिव सुरेन्द्र कुकणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, खिलाड़ी, साइकिल प्रेमी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव