सैटेलाइट अस्पतालों में जल्द शुरू होंगे सिजेरिशन सेक्शन: सीएस

 


मुख्य सचिव ने की जिले की चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा, हाई रिस्क प्रेगनेंसी की सतत मॉनिटरिंग के दिए निर्देश

जोधपुर, 05 सितम्बर (हि.स.)। राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को जोधपुर दौरे के दौरान चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सबसे पहले उम्मेद अस्पताल का दौरा किया और उसके बाद डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा अधिकारियों व फैकल्टी के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीएस वी.श्रीनिवास ने बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार द्वारा सुरक्षित मातृत्व और शिशु स्वास्थ्य के लिए चलाए जा रहे प्रसव सखी, हाई-रिस्क प्रेगनेंसी मॉनिटरिंग, एंटीनेटल केयर तव कंगारू केयर जैसे नवाचारों की सराहना की।

मुख्य सचिव ने बताया कि उम्मेद अस्पताल पर मरीजों का भारी दबाव है, जहां कुल 5000 बेड्स में से लगभग 1100 बेड्स अकेले मैटरनल हेल्थ के लिए संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने 24 घंटे लगातार काम कर रहे डॉक्टर्स, एनेस्थिसियोलॉजी, ऑब्सटेट्रिक्स और गायनेकोलॉजी की टीमों व मेडिकल सुपरिंटेंडेंट को बेहतरीन प्रबंधन के लिए बधाई दी। अस्पताल के वर्कलोड को कम करने के लिए मुख्य सचिव ने बिलाड़ा, भोपालगढ़, डांगियावास, पीपाड़ शहर, ओसियां और बालेसर स्थित सैटेलाइट अस्पतालों में ऑक्जि़लरी स्ट्रेंथ बढ़ाने व सिजेरियन सेक्शनस को शीघ्र चालू करवाने की बात कही। उन्होंने आश्वस्त किया कि अस्पताल के सभी अधूरे प्रोजेक्ट्स को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश