रक्षाबंधन से पहले रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर उमड़ी भीड़
जयपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन से एक दिन पहले गुरुवार को जयपुर के रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जयपुर जंक्शन के अलावा दुर्गापुरा, गांधीनगर और खातीपुरा रेलवे स्टेशन पर सुबह से शाम तक हजारों यात्री परिवार और सामान के साथ अपने घर जाने के लिए पहुंचे। त्योहारी भीड़ के चलते प्लेटफॉर्म से लेकर ट्रेनों तक में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन में चढ़ने के दौरान कई जगह धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
त्योहारी भीड़ का असर आरक्षित कोचों में भी नजर आया। यात्रियों ने बताया कि सीट कन्फर्म होने के बावजूद कोच के गेट तक पहुंचना मुश्किल रहा। परिवार के साथ यात्रा करने वालों को अधिक परेशानी हुई। वहीं, सामान्य श्रेणी के डिब्बों में यात्रियों की भीड़ और ज्यादा रही। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर आते ही यात्री पहले चढ़ने की होड़ में नजर आए।
रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में लोग जयपुर से गांव और दूसरे शहरों में जाते हैं। इसी के चलते जयपुर जंक्शन के साथ दुर्गापुरा, गांधीनगर और खातीपुरा स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों के मुकाबले काफी बढ़ गई। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए कई विशेष ट्रेनें संचालित की हैं, लेकिन यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण स्टेशनों पर भीड़ बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश