राजस्थान में बारिश-ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, चार अप्रैल तक अलर्ट जारी
जयपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान में मौसम ने अचानक करवट ली है। बुधवार को भी प्रदेश के दो जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। राजधानी जयपुर सहित आसपास के इलाकों में सुबह से घने बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दो अप्रैल से एक नया मौसमी तंत्र सक्रिय होगा, जिससे प्रदेश में फिर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इसका असर अप्रैल के शुरुआती दिनों तक बना रहेगा।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार मंगलवार को पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर और टोंक सहित 10 से अधिक जिलों में दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला।
इन क्षेत्रों में सुबह मौसम साफ था, लेकिन दिन चढ़ने के साथ बादल छा गए और कई जगहों पर बारिश शुरू हो गई। हनुमानगढ़, चूरू और श्रीगंगानगर के कई इलाकों में ओले गिरने से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
जयपुर के आसपास भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई।
मंगलवार को कोटा और चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान क्रमशः 37.9 और 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से अधिक रहा। बीते कई दिनों से जारी बारिश और ओलावृष्टि के कारण श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, नागौर और डीडवाना-कुचामन समेत कई जिलों में रबी की फसलें प्रभावित हुई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 4 अप्रैल तक प्रदेश के 20 से ज्यादा जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित