गाे सेवा समाज और मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी : गोपालन मंत्री
जयपुर, 10 मई (हि.स.)। सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र बाली के गांव भाटूंड़ की श्री कृष्ण गौ-सेवा संस्था (समिति) द्वारा रविवार को भामाशाह सम्मान समारोह 2026 आयोजित किया गया। इसमें पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने सहभागिता कर उपस्थित गाेभक्तों, भामाशाहों एवं क्षेत्रवासियों से आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने वर्ष-1997 में स्थापित गोशाला में अब तक सहयोग देने वाले 100 भामाशाहों का स्मृति चिंन्ह देकर, फूल मालाएं पहनाकर व दुप्पटा ओढाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने गाेसंवर्धन एवं गाेसंरक्षण के महत्व पर अपने विचार साझा करते हुए सभी को भारतीय संस्कृति एवं परंपरा में गाेमाता के योगदान से अवगत कराया तथा गाेसेवा के लिए निरंतर आगे आने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा गौसंवर्धन, गौसंरक्षण एवं गौशालाओं के सशक्तीकरण के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की। पशुपालन मंत्री ने कहा कि गौसेवा केवल एक कार्य नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था एवं संवेदनाओं से जुड़ा पवित्र दायित्व है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण और पवित्र अंग भी है, जो आध्यात्मिक उन्नति, मानसिक शांति और पुण्य प्राप्ति का माध्यम है। उन्होंने समाज के प्रत्येक नागरिक से इस पुनीत कार्य में भागीदारी करने का आह्वान किया।
कुमावत ने कहा कि गाे सेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज और मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि गाय को पहली रोटी खिलाना, चारा-पानी की व्यवस्था करना, घायल गायों का उपचार कराना और गाेशालाओं को सहयोग देना गौ सेवा के प्रमुख रूप हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से गोपालन विभाग का गठन किया गया है। पशुपालन एवं गोपालन मंत्री ने कहा कि गाेशालाओं में रह रही गाेमाता के संरक्षण, पोषण और देखभाल के लिए दी जा रही यह सहायता एक छोटा प्रयास है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से आह्वान किया कि वे गाे संरक्षण का संकल्प लें और सेवा, संस्कार व समर्पण की भावना को समाज में आगे बढ़ाएं।
गाेशाला के अध्यक्ष कैलाश कुमावत ने बताया कि एक लाख से अधिक की राशि का सहयोग देने वाले 21 स्वर्ण व एक लाख से कम की राशि का सहयोग देने वाले 79 सिल्वर भामाशाहों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, बाली विधायक प्रतिनिधि विक्रम सिंह राणावत, गौशाला के पूर्व संचालक रणछोड़ लाल जोशी, पूर्व अध्यक्ष भंवरलाल, भामाशाह भंवरलाल जैन, गौशाला अध्यक्ष कैलाश कुमावत सहित अनेक प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश