गो संरक्षण के लिए संतों ने भरी हुंकार: घर-घर ज्ञापन और हस्ताक्षर अभियान चलाने का निर्णय
जयपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। गो रक्षा सम्मान आवाह्न अभियान के अंतर्गत ढहर का बालाजी स्थित सिया राम बाबा की बगीची में विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न स्थानों से आए संत-महात्माओं ने भारतीय संस्कृति में गाय के महत्व, गो माता के सम्मान और गो संरक्षण की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किए। संतों ने गो रक्षा के लिए जनजागरण अभियान को घर-घर तक पहुंचाने और समाज के प्रत्येक वर्ग को इससे जोड़ने का संकल्प लिया।
सिया राम बाबा की बगीची पहुंचने पर ज्ञानदास जी महाराज, ब्रह्म पीठाधीश्वर रामरतन दास महाराज सहित अन्य संतों का सुरेश गोटेवाला, स्नेहा गोटेवाला, चंद्र महेश झालानी सहित गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। धर्म एवं ज्ञान सभा में अखिल भारतीय श्री पंचनिर्माणी अनी अखाड़ा के श्री महंत मुरली मनोहर दास महाराज, अखाड़ा परिषद के प्रवक्ता संजय दास जी, सचिव नंदराम दास जी महाराज, महामंत्री सत्यदेव दास जी, महंत माधव दास जी, संत राजेंद्र दास महाराज, महंत महेश दास महाराज, श्री बलराम दास महाराज और हेमंत दास सहित अनेक संत-महात्मा एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए संतों ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, परंपरा, कृषि और ग्रामीण जीवन का अभिन्न अंग रही है। भारतीय समाज में गाय को माता का दर्जा दिया गया है और उसकी सेवा एवं संरक्षण को पुण्य कार्य माना गया है। ऐसे में गो हत्या भारत जैसे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत वाले देश के लिए कलंक के समान है। गो माता की रक्षा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और संवेदनाओं से जुड़ा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
संतों ने महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने भी गो हत्या रोकने और गो संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया था। संतों ने कहा कि समाज में गो माता के प्रति सम्मान और संवेदना का भाव जागृत करने के लिए व्यापक जनजागरण जरूरी है। केवल विचार-विमर्श तक सीमित रहने के बजाय प्रत्येक व्यक्ति को गो रक्षा के लिए अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
संगोष्ठी में अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इसके तहत घर-घर जाकर लोगों को अभियान से जोड़ने, गो रक्षा के समर्थन में ज्ञापन तैयार करवाने और हस्ताक्षर अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित कर गो संरक्षण के पक्ष में सामूहिक जनभावना को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
संतों ने समाज के सभी वर्गों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से गो रक्षा अभियान में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनजागरण, सामाजिक एकजुटता और शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक प्रयासों से गो संरक्षण की आवाज को व्यापक स्तर तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया। संतों के मार्गदर्शन में शुरू होने वाला घर-घर ज्ञापन और हस्ताक्षर अभियान गो माता के संरक्षण एवं सम्मान के प्रति जनजागरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश