कलेक्ट्रेट में गौ वंश लेकर पहुंचे संत व गौ सेवक

 


जोधपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। गाय को राष्ट्रीय माता घोषित करने की मांग को लेकर चलाए जा रहे गौ सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण में सोमवार को गौरक्षक दलों व साधु-संतों ने जिला प्रशासन को राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान गौ रक्षक कलेक्ट्रेट में गौ वंश लेकर आए।

गौरक्षकों ने बताया कि कि गाय को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने की मांग को लेकर पूरे देश में गौरक्षक दल रैली, ज्ञापन प्रदर्शन आदि कर रहे हैं। इसी के तहत जोधपुर में भी पावटा सी रोड, लाल मैदान मंदिर के पास सभी गौरक्षक व साधु-संत जुटे और यहां से जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे।

यहां एडीएम को राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्र माता बनाने व गौ हत्या पर प्रतिबन्ध लगाने की मांग की गई। इसी के साथ गौ संरक्षण, संवर्धन एवं सेवा के लिए केंद्रीय गौ सेवा मंत्रालय का गठन करने, देशभर की गौशालाओं के संरक्षण, विकास एवं संचालन हेतु स्थायी नीति बनाकर पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने, गौ तस्करी एवं अवैध गौवध में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चत करने, गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी योजनाएं संचालित करने की भी मांग की गई।

इस दौरान रामस्नेही संत रामप्रसाद महाराज सहित कई अन्य साधु-संत व गौरक्षक और हिंदूवादी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश