गाेभक्तों ने निकाली रैली, प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन

 


जोधपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। गाे सम्मान आह्वान अभियान के तहत आज देशभर में रैली प्रदर्शन कर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे गए। इसी कड़ी में जोधपुर में भी नई सडक़ स्थित राजीव गांधी प्रतिमा, महामंदिर सहित अनेक चौराहों पर गोभक्त और संतों ने एकत्रित होकर रैली के रूप में कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। साथ ही जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपे।

अभियान का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकारों से संविधान के दायरे में रहकर अहिंसक तरीके से गाे माता की सेवा के लिए अनुदान, देशभर में पूर्ण गोहत्या पर रोक, गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा सहित अधिकार प्रदान करने की मांग उठाना था। इसके लिए पिछले कई माह से शहर में पोस्टर अभियान, जनजागरण और हस्ताक्षर अभियान चलाए जा रहे थे। सोमवार को सुबह अधिकांश गौ भक्त संतों के सानिध्य में नई सडक़ चौराहा पर एकत्रित हुए और यहां से रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां प्रदर्शन के बाद मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश