करैत सांप के डसने से दंपती की मौत, पांच वर्षीय बेटे का एम्स में इलाज जारी

 


बाड़मेर, 15 जून (हि.स.)। सेड़वा थाना क्षेत्र स्थित फागलिया गांव में एक दर्दनाक हादसे में करैत सांप के डसने से पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका पांच वर्षीय बेटा गंभीर हालत में जोधपुर एम्स में उपचाराधीन है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

फागलिया निवासी श्रवणराम (28), उनकी पत्नी लाछी (23) और पुत्र विकास (5) घर के बाहर खाट पर सो रहे थे। देर रात करैत सांप ने तीनों को डस लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें सेड़वा अस्पताल पहुंचाया, जहां लाछी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं श्रवणराम को गंभीर हालत में सांचौर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुत्र विकास को समय रहते जोधपुर एम्स पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना के बाद एक और चौंकाने वाला घटनाक्रम सामने आया। ग्रामीणों के अनुसार जिस खाट पर परिवार सो रहा था, उसी स्थान पर फिर वही सांप दिखाई दिया।

सांप को देखकर ग्रामीणों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से मार डाला।

स्थानीय लोगों के बीच यह सांप पीवणा के नाम से जाना जाता है। चिकित्सकों के अनुसार यह अत्यंत विषैला करैत सांप था, जिसे साइलेंट किलर भी कहा जाता है। सेड़वा सीएचसी के चिकित्सक ने बताया कि करैत के काटने पर सामान्यतः न तो सूजन आती है और न ही खून निकलता है, जिससे कई बार लोग खतरे को समझ नहीं पाते। कुछ घंटों बाद इसका जहर शरीर पर असर दिखाना शुरू करता है और श्वसन तंत्र तथा हृदय की कार्यप्रणाली को प्रभावित कर सकता है। समय पर इलाज नहीं मिलने पर मरीज की जान भी जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित