आरपीटीसी में दीक्षांत परेड समारोह : नव आरक्षी प्रशिक्षुओं ने ली देश सेवा की शपथ

 


जोधपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (आरपीटीसी) में गुरुवार सुबह नव आरक्षी प्रशिक्षुओं का दीक्षांत परेड समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह का आयोजन सुल्तान सिंह स्टेडियम में किया गया, जिसमें बैच 90-91 के प्रशिक्षुओं ने भाग लिया।

आरपीटीसी के प्रधानाचार्य डॉ. महावीर सिंह राणावत ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम आरपीटीसी के उप महानिरीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि द्वारा परेड की सलामी ली गई और प्रशिक्षुओं के अनुशासन एवं प्रदर्शन की सराहना की गई।

समारोह के दौरान पुलिस बैंड की मधुर धुनों के बीच परेड निरीक्षण किया गया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया। दीक्षांत समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में नव आरक्षी प्रशिक्षुओं ने देश सेवा की शपथ ली और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनता की सेवा करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं अतिथियों ने प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश