उपभोक्ता आयोगों को मजबूत बनाने के लिए बैठक आयोजित
जोधपुर, 18 सितम्बर (हि.स.)। उपभोक्ता आयोगों को सुदृढ़ बनाने तथा उनके कामकाज में प्रभावशीलता और पारदर्शिता बढ़ाने सहित विभिन्न विषयों को लेकर उपभोक्ता मामले विभाग, नई दिल्ली की ओर से राज्य उपभोक्ता आयोगों के साथ कृषि भवन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्थान राज्य उपभोक्ता आयोग के सदस्य लियाकत अली ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति एपी शाही ने की। उपभोक्ता मामले विभाग की सचिव निधि खरे सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने उच्चतम न्यायालय में उपभोक्ता मामलों से संबंधित विभिन्न विचाराधीन प्रकरणों को लेकर राज्य उपभोक्ता आयोगों के अध्यक्षों एवं सदस्यों के साथ विचार-विमर्श किया।
बैठक में उपभोक्ता आयोगों को सुदृढ़ बनाने, लंबित मामलों की संख्या कम करने तथा संस्थागत कामकाज को प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण और रिक्त पदों को समय पर भरने को लेकर विभिन्न सुझावों पर विचार किया गया।
अध्यक्ष एवं सदस्यों के कार्यकाल, चयन प्रक्रिया में निष्पक्षता और उपभोक्ता आयोगों की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए आदर्श चयन समिति के गठन, चयन की प्रक्रिया, चयन भर्ती बोर्ड की भूमिका तथा पीठों के गठन जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा अध्यक्ष एवं सदस्यों के विरुद्ध शिकायतों, वेतन-भत्तों के संबंध में राज्य सरकारों द्वारा उठाए गए कदम तथा उपभोक्ता आयोगों के कामकाज से जुड़े अन्य विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक का संचालन उपभोक्ता मामले विभाग के अतिरिक्त सचिव अनुपम मिश्रा ने किया। इस अवसर पर उपभोक्ता मामले विभाग राजस्थान के सचिव रोहित गुप्ता, संयुक्त निदेशक संजय झाला सहित विभिन्न राज्यों के राज्य उपभोक्ता आयोगों के अध्यक्ष, सदस्य एवं रजिस्ट्रार उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश