उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय पर मनाया गया संविधान दिवस
जयपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में 77वां संविधान दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, 26 नवम्बर 1949 को भारत की संविधान सभा द्वारा संविधान को औपचारिक रूप से अंगीकृत किया गया था। इसी ऐतिहासिक दिवस की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवम्बर को संविधान दिवस मनाया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक पंकज शर्मा सहित उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की उद्देशिका का पाठ किया तथा संविधान में निहित मूलभूत आदर्शों एवं मूल्यों का पालन करने और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ‘माई भारत’ पोर्टल पर आयोजित ऑनलाइन क्विज में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही, संविधान की उद्देशिका का ऑनलाइन वाचन कर प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम भारतीय संविधान के आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव