महिला आरक्षण बिल पर बोली कांग्रेस की समन्वयक, केंद्र सरकार ने गलत नीयत से किया पेश
चित्तौड़गढ़, 23 अप्रैल (हि.स.)। केंद्र सरकार द्वारा संसद में लाए गए महिला आरक्षण बिल को लेकर देशभर में विपक्षी दलों का विरोध लगातार जारी है। इसी क्रम में चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस की ओर से पीसीसी जिला समन्वयक मनीषा पंवार ने कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया।
मनीषा पंवार ने केंद्र की एनडीए सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि महिला आरक्षण बिल को गलत तरीके और गलत नीयत के साथ पेश किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब यह बिल वर्ष 2023 में पारित हो चुका है, तो अब तक इसे लागू क्यों नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल को इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी किया गया, लेकिन भाजपा सरकार इसे परिसीमन और नई जनगणना से जोड़कर टाल रही है। पंवार ने कहा कि इस बिल को 2011 की जनगणना के आधार पर 545 लोकसभा सीटों पर तत्काल प्रभाव से लागू किया जाना चाहिए, ताकि महिलाओं को उचित आरक्षण और प्रतिनिधित्व मिल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस बिल का उपयोग कुछ राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनावों तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम सहित अन्य राज्यों में महिलाओं के वोट साधने के लिए कर रही है। उनके अनुसार, यह बिल महिलाओं के हित में कम और भाजपा के राजनीतिक लाभ के लिए ज्यादा लाया गया है। पंवार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर सड़क से लेकर संसद तक विरोध जारी रखेगी। साथ ही उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि यदि यह बिल 545 सीटों के आधार पर लागू किया जाता है, तो कांग्रेस इसका समर्थन करेगी। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया, जिला महामंत्री एहसान पठान, सुमंत सुहालका, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल