भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के बयान के विरोध में जिला मुख्यालयों पर पुतला दहन करेगी कांग्रेस
जयपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के कथित बयान के विरोध में कांग्रेस शनिवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन करेगी। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के निर्देश पर सभी जिला मुख्यालयों पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का पुतला जलाया जाएगा। कांग्रेस ने बयान को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए इसे शहीदों और आतंकवादी घटनाओं में जान गंवाने वाले नागरिकों का अपमान बताया है।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि पाकिस्तान पर भारत में आतंकवादी गतिविधियों और अलगाववादी ताकतों को बढ़ावा देने के आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने कहा कि अप्रैल 2025 में पहलगाम में आतंकवादी हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की हत्या हुई थी, जबकि पुलवामा हमले में 40 जवानों ने जान गंवाई थी। ऐसे में भाजपा की ओर से पाकिस्तान को कड़ा जवाब देने के दावों के बीच प्रदेशाध्यक्ष का कथित बयान विरोधाभासी है।
चतुर्वेदी ने कहा कि कांग्रेस इस बयान को भारतीय सैनिकों, शहीदों, आतंकवादी घटनाओं में जान गंवाने वाले नागरिकों और उनके परिजनों का अपमान मानती है। उन्होंने बताया कि डोटासरा ने सभी जिला कांग्रेस कमेटियों, अग्रिम संगठनों तथा विभागों और प्रकोष्ठों को 17 अक्टूबर को विरोध-प्रदर्शन करने के निर्देश दिए हैं।
कांग्रेस की ओर से प्रदर्शन के दौरान एलईडी के माध्यम से संबंधित बयान को सार्वजनिक रूप से दिखाने की भी तैयारी है। पार्टी का कहना है कि इसके जरिए वह जनता के सामने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के बयान को रखकर अपना विरोध दर्ज कराएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश