कांग्रेस ने रखा जयपुर के कायाकल्प का खाका : 2032 तक बदलेंगे शहर के हालात

 






जयपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम चुनाव को लेकर जयपुर शहर कांग्रेस ने सोमवार को वर्ष 2027 से 2032 तक के लिए अपना घोषणा पत्र ‘जयपुर-2032 परिवर्तन का संकल्प’ जारी किया। कांग्रेस ने इसे ‘मिशन-25’ बताते हुए शहर के विकास से जुड़े 25 प्रमुख मुद्दों पर काम करने का रोडमैप पेश किया। इसमें यातायात, जलभराव, सार्वजनिक परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, खेल, पर्यटन, विरासत, सफाई और नगर निगम की वित्तीय व्यवस्था सहित कई क्षेत्रों के लिए समयबद्ध लक्ष्य तय किए गए हैं।

जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक रफीक खान और अमीन कागजी ने घोषणा पत्र जारी किया। शर्मा ने कहा कि दस्तावेज को तैयार करने में आर्किटेक्ट, वित्तीय विशेषज्ञ और पत्रकारों समेत विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से सुझाव लिए गए हैं। इसमें प्रत्येक कार्य के लिए समय, बजट और परिणाम की निगरानी पर जोर दिया गया है।

जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा ने बताया कि कांग्रेस ने 2032 तक सभी 150 वार्डों में सिटी सेंटर विकसित करने का लक्ष्य रखा है। 2027 में सर्वे कर स्थान चिह्नित किए जाएंगे। हर वार्ड में वार्ड सभा और वार्ड मित्र बनाए जाने का भी वादा किया गया है। हर साल के कार्यों की योजना पहले से तैयार कर काम शुरू और पूरा करने की समय सीमा तय करने की बात कही गई है।

वहीं 2028 तक पूरे शहर का वैज्ञानिक जल निकासी मानचित्र तैयार कर 2032 तक प्रमुख जलभराव वाले क्षेत्रों में 80 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य है। नालों के सुधार, पुलिया पुनर्निर्माण, भूमिगत जल निकासी, वर्षाजल संचयन और प्राकृतिक जलमार्गों के पुनर्जीवन का प्रस्ताव है। 50 प्रमुख मार्गों और 100 चौराहों को आधुनिक यातायात प्रबंधन प्रणाली से जोड़ने, कैमरे और सेंसर के जरिए जाम की निगरानी की योजना है। ई-वाहनों को बढ़ावा देने के साथ ई-चार्जिंग पॉइंट विकसित करने का भी प्रस्ताव है।

इसके अलावा 100 नियमित बस मार्ग, 50 मेट्रो सहायक मार्ग और 25 पार्क एंड राइड केंद्र विकसित करने का लक्ष्य है। 500 किमी फुटपाथ और 300 किमी साइकिल ट्रैक विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है।

साथ ही शहर में 25 नगर उप चिकित्सालय और 10 चलित चिकित्सालय इकाइयां स्थापित करने तथा हर वार्ड में प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की योजना है। 150 वार्डों में खेल सुविधाएं और 10 नगर खेल अकादमियां विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। 10 प्रमुख आर्थिक समूह विकसित कर 1000 करोड़ रुपए का अतिरिक्त निजी निवेश आकर्षित करने का प्रस्ताव है।

सुनील शर्मा ने कहा कि परकोटे में बढ़ते दबाव के कारण लोग वहां रहना नहीं चाहते। इसलिए हर हवेली का रिनोवेशन और विकास किया जाएगा। 50 प्रमुख हेरिटेज कॉरिडोर व बाजार क्षेत्रों के उन्नयन तथा सूरजपोल से चांदपोल तक हेरिटेज वॉक-वे विकसित करने का प्रस्ताव है। हवेलियों को संग्रहालय, रेस्तरां, शिल्प बाजार और सांस्कृतिक केंद्रों से जोड़ने की योजना है।

घोषणा पत्र जारी करते हुए सुनील शर्मा ने इसे जयपुर के विकास के लिए ‘बाइंडिंग फोर्स’ बताया। उन्होंने कहा कि इसमें गीता, बाइबिल और कुरान का सार समाहित है। कांग्रेस जयपुर की संस्कृति, विरासत और ‘जयपुरियत’ को बनाए रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर विकसित करेगी।

कांग्रेस ने शहर के विकास कार्यों में तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल का भी वादा किया है। इसके जरिए ट्रैफिक सिग्नल को आधुनिक बनाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने की बात कही गई है। इसके अलावा 2030 तक 309 नए सार्वजनिक शौचालय बनाने और नगर निगम की स्वयं की आय को 2032 तक दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश