शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर जयपुर में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
जयपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
जयपुर में अंबेडकर सर्किल पर मंगलवार शाम करीब सात बजे आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने किया। प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला भी फूंका।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देश में नीट सहित 150 से अधिक प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने के बावजूद केंद्र सरकार ने शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी तय नहीं की। इसके विपरीत, इस मुद्दे पर आवाज उठाने वाले छात्रों पर दिल्ली में लाठीचार्ज किया गया। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार इस विषय पर न तो संसद में चर्चा करा रही है और न ही किसी अन्य स्तर पर जवाब दे रही है।
प्रदर्शन में जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, विधानसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक रफीक खान, विधायक घनश्याम महर, जाकिर हुसैन गैसावत, अमीन कागजी, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, पूर्व विधायक गंगा देवी, विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहीं डॉ. अर्चना शर्मा, पुष्पेंद्र भारद्वाज, आर.आर. तिवारी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के बाद पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा अन्य कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर मौके से हटाया। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि पेपर लीक मामलों में जवाबदेही तय नहीं की गई और शिक्षा मंत्री से इस्तीफा नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश