पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार पर जनविरोधी नीतियों का आरोप
उदयपुर, 27 मई (हि.स.)।
पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ए ब्लॉक द्वारा बुधवार को हाथीपोल चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने और आमजन को महंगाई से राहत देने की मांग उठाई।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा तथा उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व ए ब्लॉक अध्यक्ष सोमेश्वर मीणा ने किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को जनविरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का जीवन प्रभावित कर दिया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि से गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर एवं छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक ओर देश की जनता बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही है, वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार आवश्यक वस्तुओं की कीमतें बढ़ाकर जनता की परेशानियां बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आमजन के हितों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी तथा सड़कों से लेकर सदन तक जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री दिनेश कुमार दवे ने बताया कि प्रदर्शन में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सुरेश श्रीमाली, पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, प्रदेश महामंत्री गोपाल कृष्ण शर्मा, प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा, प्रदेश सचिव दिनेश श्रीमाली, वरिष्ठ कांग्रेस नेता शराफत खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, महिला कांग्रेस प्रतिनिधि, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, पार्षद एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता