महंगे पेट्रोल में इथेनॉल मिलाना उपभोक्ताओं के साथ अन्याय: शर्मा
जोधपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण की नीति को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए इस विषय पर अधिक पारदर्शिता और वैज्ञानिक तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि महंगे दामों पर पेट्रोल खरीदने वाले उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता का ईंधन मिलना चाहिए और सरकार को इथेनॉल मिश्रण के दीर्घकालिक प्रभावों पर स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए। महंगाई और बढ़ती ईंधन कीमतों के बीच पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण को लेकर आम लोगों के मन में अनेक सवाल हैं।
सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इस नीति से उपभोक्ताओं, वाहन मालिकों और वाहन उद्योग पर पडऩे वाले प्रभावों का किस आधार पर आकलन किया गया है तथा इससे संबंधित वैज्ञानिक और तकनीकी अध्ययन सार्वजनिक किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार का उद्देश्य किसानों को लाभ पहुंचाना है, तो गन्ना उत्पादकों और कृषि क्षेत्र को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता, बेहतर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और मजबूत कृषि नीतियों के माध्यम से सशक्त किया जाना चाहिए। उनके अनुसार किसान और उपभोक्ता, दोनों के हितों की समान रूप से रक्षा होना आवश्यक है।
उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार इथेनॉल मिश्रण की वर्तमान नीति की संसदीय समिति अथवा स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति से व्यापक समीक्षा कराए तथा सभी संबंधित रिपोर्ट सार्वजनिक कर देश की जनता के साथ खुला संवाद स्थापित करे। नरेंद्र शर्मा ने कहा कि यदि जनता की चिंताओं का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से सडक़ से लेकर सदन तक उठाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश