सीवरेज प्लांट्स पर जवाब से नाराज कांग्रेस विधायकों का वॉकआउट

 


जयपुर, 20 फरवरी (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा में प्रदेश में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट्स के अधूरे कार्यों को लेकर पूछे गए सवाल पर हंगामा हो गया। यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया।

इससे पहले उपनेता प्रतिपक्ष रामकेश मीणा ने प्रश्न उठाया कि शहरों में व्यापक खुदाई की गई है, लेकिन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट्स के काम अब भी अधूरे हैं। उन्होंने पूछा कि इन कार्यों को कब तक पूरा किया जाएगा।

जवाब में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने पिछली सरकार के समय हुए टेंडरों में खामियां बताते हुए कहा कि कई परियोजनाओं में ऑपरेशन एंड मैनेजमेंट की शर्तों का पालन नहीं हुआ। सीवरेज पाइपलाइन डालते समय इनलेट और आउटलेट का स्तर सही नहीं रखा गया, जिससे तकनीकी दिक्कतें आईं। उन्होंने कहा कि इन त्रुटियों को सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मंत्री के जवाब पर कांग्रेस विधायकों ने आपत्ति जताई और हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए स्पीकर ने अगला प्रश्न ले लिया। इसके बाद नाराज कांग्रेस विधायक सदन से वॉकआउट कर गए।

संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने कांग्रेस के रवैये की निंदा करते हुए कहा कि अनुकूल जवाब नहीं मिलने पर वॉकआउट करना उचित नहीं है। वहीं बसपा विधायक मनोज न्यांगली ने भी आपत्ति जताते हुए कहा कि हंगामे और वॉकआउट से अन्य सदस्यों का समय प्रभावित होता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव